महमूदाबाद,सीतापुुर
स्थानीय श्री 1008 शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में चल रहे मुनि श्री 108 यादवेन्द्र सागर महाराज के मंगल चातुर्मास कार्यक्रम में बिहार के आरा जनपद के पधारे विवेक जैन और पूर्णिमा जैन को स्थानीय जैन समाज महमूदाबाद ने स्वागत व सम्मानित किया। जैन समाज के अध्यक्ष मनोरंजन जैन ने बताया कि श्री दिगम्बर जैन मंदिर में श्री यादवेन्द्र सागर महाराज का चातुर्मास कार्यक्रम चल रहा है जिसमें रोजाना श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को बिहार के आरा जनपद से विवेक जैन व पूर्णिमा जैन मंदिर जी में पधारे थे। विवेक जैन का स्वागत जैन समाज के परम संरक्षक चक्रेश्वर कुमार जैन तथा पूर्णिमा जैन का स्वागत पूनम जैन ने किया। कार्यक्रम में मुनि श्री ने अपने प्रवचन के दौरान कहा कि मोक्ष मार्ग की साधना में विश्राम नहीं होता। उन्होंने कहा है कि सत्य को अर्जित करके ही कल्याण का उपक्रम चलता रहता है। भगवान महावीर ने हम लोगो को सत्य, अहिंसा का पाठ पढाया था। हमारा कर्तव्य है कि भगवान महावीर के दिखाये गये मार्गाें पर चलें। इस अवसर पर समाज के महामंत्री पारस जैन, राजन जैन, मोहित जैन आदि उपस्थित थे।