आमने-सामने आए पूर्व मंत्री और हिन्दू युवा वाहिनी कार्यकर्ता


आयुष जैन महमूदाबाद
नगर में पिछले कुछ सालों में सक्रिय हुआ एक संगठन और पूर्व की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे क्षेत्रीय विधायक इस बार आमने सामने आ गये हैं। मामला है नगर में चले अतिक्रमण हटाओ अभियान का। दरअसल उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गठित होने के बाद महमूदाबाद प्रशासन ने अतिक्रमण के विरूद्ध जबरदस्त कार्यवाही की थी।


नगर में सक्रिय हिन्दु युवा वाहिनी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की प्रशंसा करते हुए कोतवाली प्रभारी को 28 मार्च को ज्ञापन दिया था जिसमें संगठन ने लिखा कि ‘नगर में जो अतिक्रमण हटाया जा रहा है उससे सभी नगरवासी सहमत है और यह कार्य सराहनीय भी है, परंतु कुछ ठेले यथास्थिति बने हुए है, उन पर भी उचित कार्यवाही की जाये’। हिन्दु युवा वाहिनी के नगर अध्यक्ष अतुल चित्रांश द्वारा यह ज्ञापन 28 मार्च को कोतवाली प्रभारी को सौंपा गया।


वहीं दूसरी ओर पूर्व की सरकार में कद्दार कैबिनेट मंत्री रहे वर्तमान में क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र सिंह वर्मा ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भेजा।   प्रदेश के पूर्व गन्ना विकास एवं चीनीमिल मंत्री व वर्तमान विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अतिक्रमण हटाने के नाम पर पटरी दुकानदारों को अनवाश्यक परेशान न किए जाने की मांग की है। विधायक ने हटाए जा रहे पटरी दुकानदारों को उचित स्थान प्रशासन द्वारा मुहैया कराए जाने एवं उनके साथ र्दुव्यवहार न किए जाने की भी मांग की।  क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा है कि नगर पालिका परिषद महमूूदाबाद व नगर पंचायत पैंतेपुर सहित ग्रामीण क्षेत्र में प्रशासन द्वारा सड़कों के किनारे सार्वजनिक भीड़भाड़ वाले चैराहों, तिराहों के किनारे अपनी व परिवार की आजीविका चलाने के लिए ठेले, गुमटी, मोची आदि पटरी दुकानदारों को हटाने के नाम पर पुलिस प्रशासन अभद्रतापूर्ण व्यवहार कर रहा है और उनके साथ मारपीट भी कर रहा है । क्षेत्रीय विधायक ने अतिक्रमण को गलत बताते हुए कहा कि गरीबों की रोजी-रोटी की वयवस्था करना प्रशासनिक अधिकारियों व सरकार का काम है। यदि गरीबों पर अत्याचार बंद न हुआ तो इसके लिए आंदोलन किया जाएगा।


दोनो के आमने-सामने आ जाने के बाद अब महमूदाबाद प्रशासन भी कशमकश की स्थिति में आ गया है। हालांकि अब क्या होता है यह देखने वाली बात होगी।


सीएम के स्वच्छता अभियान को महमूदाबाद प्रशासन ने लगा दिया पलीता


महमूदाबाद (सीतापुर)
       प्रदेश के मुख्यमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान को अधिकारी महज कागजों पर ही खानापूर्ति करने में जुटे हैं। एक तरफ जहां शनिवार को तहसील क्षेत्र के सभी विभागों के अधिकारियों ने अभियान चलाकर नगर को स्वच्छ बनाने का दावा किया वहीं अभी दर्जनों ऐसे स्थान हैं जहां महीनों से कई ट्रालियों कूड़ा जहां पड़ा सड़ रहा है वहीं अधिकांश नालियां भी बजबजा रही हैं।

      एसडीएम के नेतृत्व में शनिवार को पूरे नगर को विभिन्न अधिकारियों के क्षेत्रों में बांटकर सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान महज कागजों का पेट भरने का ही काम कर सका। नगर के नई बाजार उत्तरी में सुधीर वर्मा के मकान ने लायर्स एसोसिएशन महमूदाबाद अध्यक्ष उमेश गुप्त के आवास तक जाने वाली गली में मिश्रीलाल वर्मा के घर के सामने खाली पड़ी जगह में कई सालों का कूड़ा पड़ा है। इधर सफाईकर्मी जब सफाई करने आता है तो आसपास सफाई करने के बाद कूड़ा इसी स्थान पर लगा देता है। आसपास की नालियां भी चोक पड़ी हैं। यहां के निवासी कौशल रस्तोगी, मिश्रीलाल वर्मा, हिमांशु पोरवाल, झब्बू विश्वकर्मा, मनोज शुक्ल, हिमांशु शुक्ल, गंगा प्रसाद सोनी आदि ने बताया कि सालों से सफाईकर्मियों ने यहां कूड़े का अड्डा बना रखा है।
      शनिवार को नई बाजार उत्तरी की विभिन्न गलियों में सफाई कार्य के निरीक्षण में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, बीडीओ समेत कई अन्य अधिकारी पूरे वार्ड में लगाए गए थे। इस वार्ड की बस स्टेशन से दुर्गा मंदिर मोड़ तक की सफाई का निरीक्षण तहसीलदार केके सिंह कर रहे थे। इस बीच वार्ड के हिमांशु गुप्त, मो. शब्बीर, सफी अहमद, रामचंद्र रस्तोगी, पीयूष जैन समेत दर्जनों नागरिकों ने तहसीलदार को बनने के करीब 15 वर्षों बाद भी अभी तक एक बार भी न साफ होने वाले दुर्गा मंदिर के पीछे से रामकुंड तक जाने वाले नाले को दिखाते हुए साफ कराने का आग्रह किया। नवागत तहसीलदार ने अधिकारियों से बैठ क कर उक्त नाले को साफ कराने का आश्वासन दिया।

इन स्थानों पर नगर में वर्षों से लगे हैं कूड़े के ढेर
       नगर में प्रमुख रामकुंड से पैंतेपुर मार्ग पर रमुआपुर वार्ड में शुलभ शौचालय के सामने, रामकुंड से विकास खंड को जाने वाले मार्ग, सीता इंटर कालेज से दुर्गा मंदिर मार्ग पर शशि कश्यप के घर के सामने, बेलदारी टोला में रमेश सोनी के घर के सामने, राजेंद्र जैन के घर के सामने सहित नगर क्षेत्र के वार्ड पुरानी बाजार, खुदागंज, कायस्थी टोला, मोतीपुर, नूरपुर, सलाउद्दीनपुर, इमलिया, सुंदौली, बेहटी, बन्नी आदि में दर्जनों स्थानों पर कूड़े के ढेरों के अंबार लगे हैं। अधिकांश नालिया भी बजबजा रही हैं। अधिकारी निरीक्षण के नाम पर खानापूर्ति करने में जुटे हैं।

अवैध थी महमूदाबाद की सारी मीट की दुकानें....


एक भी मीट की दुकान पंजीकृत नहीं- ईओ
महमूदाबाद, सीतापुर
प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही अधिकारियों की प्राथमिकताएॅं बदल गई। नई सरकार की प्राथमिकताओं को पूरा करने में प्रशासनिक अमला जुट गया। शायद बदली सरकार का ही नतीजा ही है कि चिकमण्डी के नाम से मशहूर महमूदाबाद का वह तिराहा जहां करीब आधा दर्जन छोटी-बडी मांस की दुकानें हुआ करती थीं। सरकार के निर्देश के चलते इस तिराहे के साथ पूरे नगर व क्षेत्र की मांस की दुकानें बंद हो गई। नगर में चल रही मांस बिक्री दुकानों के लाइसेंस पंजीकरण का कार्य पालिका द्वारा किया जाता रहा है किन्तु मौजूदा समय में पालिका के समय बताने के नाम पर एक भी लाइसेंस नहीं है।
    नगर क्षेत्र में मांस बिक्री का प्रमुख केन्द्र चिकमण्डी का नामकरण कब और कैसे हुआ यह किसी को पता नहीं है। नाम के अनुसार चिकवा जिसे कसाई नाम से जाना जाता है का केन्द्र होने के कारण शायद इस तिराहे का नाम चिकमण्डी पडा होगा क्योंकि यहां यूको बैंक के दूसरे किनारे के मोड पर करीब पांच दशक से मीट शाॅप चली आ रही है। इसी के साथ इसके आसपास दो-तीन दुकानें ताजे मीट के नाम से थी। इस तिराहे के अलावा रेलवे स्टेशन, मोतीपुर चैराहा, कटरा मोहल्ला के साथ नगर के कई वार्डाें में मांस की दुकानें सजती थीं। प्रदेश में भाजपा सरकार के बनने के साथ योगी के मुख्यमंत्री बनने पर अवैध स्लाटर हाउस बंद करने के फरमान के साथ नगर व क्षेत्र की मांस दुकानें बंद हो गई। मांस की दुकानों को बंद कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अभियान चलाया। गत दिवस पुलिस उपाधीक्षक जितेन्द्र सिंह, कोतवाल धर्मेन्द्र रघुवंशी व एसआई बलराम मिश्रा सहित समस्त पुलिस उपाधीक्षकों द्वारा पूरे क्षेत्र में अभियान चलाकर मांस बिक्री की दुकानों को बंद कराया गया। नगर क्षेत्र में चलने वाली मांस की दुकानों के लाइसेंस पालिका में पंजीकृत होते रहे हैं किन्तु चालू वित्तीय वर्ष में एक भी मांस की लाइसेंसी दुकान का न होना आश्चर्य का विषय है। इस सम्बंध में पालिका अधिशाषी अधिकारी शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि महमूदाबाद व पैतेपुर में एक भी मांस बिक्री की लाइसेंसी दुकान नहीं है।


पैतेपुर में भी बूचडखानों पर ताला
महमूदाबाद, सीतापुर
भारतीय जनता पार्टी के लोक कल्याण संकल्प पत्र के चुनावी वादों को बूचडखानों का बंद करवाना प्राथमिकता में था। इसी प्राथमिकता को पूर्ण करने के लिए पुलिस ने कस्बा पैतेपुर के विभिन्न मोहल्लों में चल रहे मांस बिक्री केन्द्रों को बंद करवा दिया। नगर पंचायत पैतेपुर के पीलखाना, मस्जिद टोला, पट्टी माहनगर, कोठी, सब्जी मण्डी तथा प्राथमिक पाठशाला  द्वितीय के समीप मांस व्यापारियों ने अपनी दूकानें खोल रखी थी। इन दुकानों में छोटे पशुआंें बकरी, मर्गी, भेड आदि का खुले में वधकर मांस बेचा जा रहा था। पुलिस ने सरकार की नीतियों के अनुसार अभियान चलाकर मांस बिक्री केन्द्र व बूचडखानों को बंद करवा दिया। मांस के बिक्री बंद होने से दूकानों पर ताला लटक रहे है।


डीएम सीतापुर का प्रयास, एक क्लिक पर तुरंत उठेगा कूड़ा


डीएम ने लांच किया स्वच्छ सीतापुर ऐप
महमूदाबाद, सीतापुर
अपनी तेज तर्रार छवि को लेकर जिले में लोकप्रिय हुए डीएम अमृत त्रिपाठी के एक नया प्रयास अब सीतापुर वासियों की जुबां पर है। डीएम अमृत त्रिपाठी ने स्वच्छता को बढावा देने के लिए स्वच्छ सीतापुर के नाम से एक ऐप लांच किया है जो चंद समय में ही पूरे सीतापुर में लोकप्रिय हो गया है।

सीतापुर वासियों को कूडे की समस्या के लिए आए दिन शिकायत रहती थी। सफाई कर्मी या तो आता नहीं था और आता भी था तो महीनों कूडा उठान नहीं होता था जिसको लेकर लोगो को काफी समस्याओं का सामना करना पडता था। डीएम अमृत त्रिपाठी ने लोगो की समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए स्वच्छ सीतापुर के नाम से एक ऐप लांच किया है । जिसमें सीतापुर की समस्त नगर पालिकाओं तथा उनके वार्डाें का लेखा जोखा है। इसके अतिरिक्त कौन सा कूडेदान कहां रखा है या आपके नजदीक कौन सा कूडेदान है इसकी भी जानकारी देता है।

अब मात्र एक क्लिक पर आपके शहर, गांव या आसपास फैली गंदगी तुरंत साफ हो जायेगी। बस आपको शिकायत डालनी है कि फलां जगह पर कूडा इकट्ठा है। सीतापुर के डीएम का यह प्रयास लोगो की जुबां पर है। एक दैनिक अखबार के मुताबिक मात्र दो दिनों में से इस ऐप पर करीब 120 लोगो ने शिकायत दर्ज कराई है।  लोगो का मानना है कि अमृत त्रिपाठी का यह प्रयास निश्चय ही सीतापुर को स्वच्छ बनायेगा और हम लोगो को समस्या भी नहीं होगी। इस ऐप को आप प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।

महिलाओं की शिकायत पर दो भ्रष्टाचारियों पर दर्ज हुआ मुकदमा


महमूदाबाद, सीतापुर
गरीब लाभार्थियों को शासन की योजना के तहत आवास दिलाने के नाम पर गरीबों से ठगी करने वाले रोजगार सेवक के साथ बैंक मित्र के विरूद्ध सदरपुर थाने में बीडियो व प्रधान तथा ग्राम पंचायत अधिकारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई।  
ब्लाक महमूदाबाद के कोठिला गांव निवासी हाजिरा पत्नी साबित अली तथा जरीना पत्नी अलियार अली ने अपने ही गाँव के रोजगार सेवक राजकुमार वर्मा पुत्र रामप्रकाश तथा गाँव के ही बैंक मित्र धर्मेंद्र वर्मा पुत्र राज नारायन व इनके अन्य साथी मटरू पुत्र बैजनाथ ,अमित पुत्र भगौती प्रसाद पर आवासो व मनरेगा भुगतान में हेरफेरी कर रूपए हडपने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का आरोप है कि रोजगार सेवक ने प्रति आवास दस हजार से बीस हजार रूपए तक सुविधा शुल्क के नाम पर उच्च अधिकारियों को देने के बहाने वसूल किया है। इसके साथ ही बैंक मित्र के द्वारा इन्ही के इशारे पर खाताधारक की गैर मौजूदगी में भुगतान भी कर दिया जाता है। उक्त रूपए के लेन देन की  सेटिंग गांव के मटरू व अन्य साथियों के द्वारा की जाती है।

 पीड़ितों द्वारा जिलाधिकारी को भेजी गई शिकायत पर स्थलीय जाँच करने पहुंचे खण्ड विकास अधिकारी ए. के. सिंह ने गांव जाकर ग्रामीणों से बयान लिया। गांव के ओम प्रकाश पुत्र राध्येश्याम, देशराज पुत्र बलराम, केशव पुत्र मुरली, पप्पी पत्नी नरेन्द्र, कान्ति  पत्नी भगौती, नीलम पत्नी दर्शन, पुष्पा पत्नी रामधार समेत पैंतालिस लोगों ने अपने लिखित बयान में यह बात बताई कि हम लोगों से रोजगार सेवक और बैंक मित्र ने आवास दिलाने के नाम पर धन उगाही की है।
बीडीओ महमूदाबाद ने प्रकरण को प्रथम दृष्ट्या मामला भ्रष्टाचार का मानते हुए सदरपुर थाने में ग्राम पंचायत अधिकारी आशीष कुमार के साथ संयुक्त रूप से उक्त आरोपियों के विरूद्ध प्रार्थना पत्र देकर अभियोग पंजीकृत कराया।

जब आरोपी रोजगार सेवक व बैंक मित्र से बात कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो रोजगार सेवक राजकुमार ने बताया कि उक्त आरोप बेबुनियाद हैं हमने किसी भी प्रकार का कोई गबन नहीं किया है। प्रत्येक आवास के नाम पर प्रधान से लेकर ब्लाक तक सुविधा शुल्क के नाम पर मेरे द्वारा अवैध वसूली के लिए दबाव अवश्य बनाया जाता रहा है। अधिकारियों के कहने पर ही आवास के पात्र लोगों से रूपए देने की बात की थी। बैंक मित्र धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि हमारे यहाँ भुगतान बिना अंगूठा लगाए हो ही नहीं सकता और खाताधारक की अनुपस्थिति में यह संभव ही नहीं है। मेरे द्वारा लोगों के गलत काम के लिए मना करने के कारण ही कुछ लोगों नें मुझ पर आरोप लगाकर मुझे फंसाने की कोशिश की है।


जब इन आरोपो को लेकर बीडीओ महमूदाबाद से उनके मोबाइल पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि रोजगार सेवक की शिकायतों की फेहरिस्त काफी लंबी है। इससे पूर्व भी रोजगार सेवक की शिकायत शासन स्तर पर हो चुकी है जिसमें जांच हुई थी। किंतु तथ्यों के अभाव में बच गया था। पुनः ग्रामीणों की शिकायतें मिलने पर मैंने एडीओ एसटी, एडीओ कोपरेटिव.एवं एपीओ व पुलिस के साथ जिलाधिकारी के आदेश पर मामले की गहन जांच की। शिकायतकर्ताओं द्वारा मामले की पुष्टि होने के बाद मेरे द्वारा सदरपुर थाने पर अभियोग पंजीकृत कराया गया। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि आरोपों के हिसाब से यह रोजगार सेवक लगभग सवा सौ आवासों के लाभार्थियों से सुविधा शुल्क के नाम पर काफी धन उगाही करन केे साथ ही प्रति मस्टर रोल पर चैदह हजार की राशि को हडपने का भी मामला प्रकाश में आया है। इस विषय में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सदरपुर सचिन सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला धारा-419, 420, 463 ,466, 467 के तहत अभियोग दर्ज करके आरोपियों को जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है।

 

महमूदाबाद के किसान को राजभवन में मिला प्रथम स्थान


तीन दर्जन से ज्यादा आईएएस अधिकारी कर चुके हैं तारीफ
महमूदाबाद, सीतापुर
पारम्परिक खेती की तुलना में वैज्ञानिक विधि से साग, भाजी व पुष्पों की खेती कई गुना लाभदायक है। पुष्पों की खेती के साथ साग, भाजी व फलोत्पादन किया जा सकता है। इस विधि से किसान काफी अच्छा मुनाफा पा सकते हैं। यह बात राजभवन में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी में जरबेटा पुष्प में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पाल्हापुर के प्रगतिशील किसान आर.पी. सिंह ने पत्रकार वार्ता में कही।


पाल्हापुर निवासी आर.पी. सिंह ने बताया कि वह वर्ष 2012 से संरक्षित खेती पाली हाउस बनाकर कर रहे हैं। उन्होने बताया कि पाल्हापुर स्थित उनके पाली हाउस को देखने अब तक आयुक्त महेश गुप्त, जिलाधिकारी पकज कुमार, जेपी सिंह, लाल बिहारी पाण्डेय, प्रमुख सचिव हार्डीकल्चर मनोज सिंह के अलावा तीन दर्जन से अधिक आईएएस व आईपीएस अधिकारी आ चुके हैं। डायरेक्टर उद्यान लगभग प्रत्येक माह पाली हाउस का निरीक्षण करने आते हैं।



 मेरे पाली हाउस में विविधि प्रकार के खरबूजों की प्रजातियाॅं विकसित की गईं हैं। इतना ही नहीं पाली हाउस में शिमला मिर्च, अचारी मिर्च, करेला, खीरा, भिण्डी, लौकी, तरबूज, खरबूजा की दर्जनों प्रजातियाॅं विकसित की गई हैं। अधिकारियों के प्रोत्साहन व फल उत्पादन में मिल रहे लाभ से मेरा उत्साह बढ़ा। बीते वर्ष पाली हाउस में फूलों की खेती शुरू की। गत दिनों राजभवन में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी में अपने पाली हाउस के जरबेटा पुष्प को प्रदर्शित किया। निरीक्षण के दौरान मेरे जरबेटा पुष्प को प्रथम स्थान के लिए चयनित किया गया। उन्होने कहा कि किसान भाई पारम्परिक खेती के साथ पुष्प व फलोत्पादन को बढावा दें। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

जीत के बाद भी दुखी हुए नरेन्द्र वर्मा, इस कारण पर जताया दुख


महमूदाबाद, सीतापुर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के परिणामों के बाद महमूदाबाद से लगातार छठवीं बार नरेन्द्र सिंह वर्मा चुनाव जीत चुके हैं। लेकिन दुखद खबर यह थी कि परिणाम वाले दिन ही मार्ग दुर्घटना में महमूदाबाद के दो युवाओं की मृत्यु हो गई। जिसकी सूचना मिलने के तुरंत बाद नरेन्द्र सिंह वर्मा ने दुख व्यक्त किया।


विधायक नरेन्द्र सिंह वर्मा ने कहा कि मैं महमूदाबाद का हूॅं और महमूदाबाद मेरा है। जन मानस ने पुनः मुझ में विश्वास व्यक्त किया। मुझे छठी बार विधायक बनाया।आज मै जनता की सेवा के लिये फिर क्षेत्र में निकल पड़ा। ग्राम समनापुर निवासी रामू पुत्र स्व. बृजलाल व ग्राम बैशनपुर निवासी महेंद्र प्रताप पुत्र उमेश सिंह की बारात जाते समय गत दिवस मार्ग दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद उनके आवास पहुँच कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा पीड़ित परिवारों को दुःख सहन करने की ईश्वर से प्रार्थना की व विधवा पेंसन पारिवारिक लाभ किसान दुर्घटना बीमा दिलाये जाने हेतु मदद का आश्वासन दिया।


ज्ञातव्य हो कि कोतवाली महमूदाबाद क्षेत्र के खेटौरा गांव के रामप्रताप पुत्र रामलखन कोरी की बारात रामपुर कलां थाना क्षेत्र के भगवंतपुर के लिए शुक्रवार को गई थी। बारात में शामिल होने के लिए महमूदाबाद अगैया ग्राम पंचायत के प्रधान उर्मिला सिंह के 25 वर्षीय बेटे महेन्द्र प्रताप सिंह निवासी बैसनपुरवा अपने साथी रामू (35) पुत्र बृजलाल निवासी समनापुर के साथ रात करीब नौ बजे बाइक से निकला था। महेन्द्र प्रताप बाइक चला रहा था और उसका साथी रामू बाइक पर बैठा था। यह लोग रात करीब 12 बजे अतरौली गांव के समीप स्थित कोल्ड स्टोरेज के पास आलू लदी एक ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गये। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनो लहूलुहान होकर सड़क पर ही गिर गये। आस पडोस के लोगो ने 100 नं. डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस को बुलाकर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी महमूदाबाद में इमरजंेन्सी डाक्टर अनवर ने देखते ही दोनो को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनो शवों को कब्जे मंे लेकर पंचनामा कर पीएम के लिए भेज दिया।

मिलनसार प्रधान पुत्र महेन्द्र प्रताप व उसके मित्र रामू की मौत की सूचना पाकर सीएचसी पर सैकड़ो महिला पुरूषों की भीड जमा हो गई। युवा बेटे की मौत की सूचना पर पहुंचे उनके माता-पिता अपने बेटों की याद कर बार बार बेहोश हो रहे थे।



विधानसभा में महमूदाबाद के इस गांव से होंगें दो विधायक


आयुष जैन (ब्लाग) महमूदाबाद
उत्तर प्रदेश का महमूदाबाद क्षेत्र अब प्रदेश की राजनीति में जबरदस्त छाप छोडेगा क्योकि इस बार नव गठित विधानसभा में महमूदाबाद के ही दो लोग प्रतिनिधित्व करते नजर आएॅगे। जी हांॅं वो भी एक ही परिवार के। उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के महमूदाबाद विकास खण्ड का पोखराकलां गांव ऐतिहासिक बन गया है क्योंकि पोखराकला गांव के एक ही परिवार के दो चचेरे भाई नई गठित होने वाली विधानसभा में प्रतिनिधित्व करेंगें। शायद ही पूरे प्रदेश में ऐसा ही कोई गांव होगा जहां से दो लोग एक साथ विधानसभा में दो अलग अलग सीटों से चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचे होंगें।
महमूदाबाद विधानसभा क्षेत्र से एक ओर जहां छठवीं बार पोखराकलां निवासी नरेन्द्र सिंह वर्मा जीत दर्ज कर चुके हैं वहीं इसी गांव के निवासी इनके चचेरे भाई साकेन्द्र प्रताप वर्मा कुर्सी विधानसभा से चुनाव लडकर जबरदस्त जीत दर्ज कर चुके हैं।  महमूदाबाद का पोखराकलां एक ओर जहां राजनीतिक महत्व से महत्वपूर्ण बन गया है वहीं पूरे प्रदेश में इसका मान बढ सकता है। क्योंकि एक ही गांव से दो अलग अलग दलों के लोग विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे होंगें। एक ओर जहा साकेन्द्र वर्मा की जीत पर भाजपाई गदगद है वहीं नरेन्द्र वर्मा की जीत पर सपा के कार्यकर्ता भी फूले नहीं समा रहे है। पोखराकलां गांव में इस वक्त दोगुनी खुशी का माहौल है। पूरा गांव होली मना रहा है।
महमूदाबाद मुख्यालय से करीब बीस किमी दूर पोखराकलां के लोग फूले नहीं समा रहे हैं कि उनके गांवों से दो-दो विधायक हैं। पोखरावासियों का मानना है कि पूर्ण बहुमत से प्रदेश में बनने वाली भाजपा सरकार मंें पहली बार विधायक बने पेशे से शिक्षक, विचारक, स्तम्भकार, प्रखर वक्ता के साथ कुशल संगठनकर्ता के जीतने से क्षेत्र को काफी लाभ मिलेगा।


Narendra Singh Verma (spa)
Sakenra pratap Verma (Bhajpa) Kursi



11 मार्चः महमूदाबाद विधानसभा पर टिकी हर किसी की निगाहें


आयुष जैन (ब्लाग) महमूदाबाद

उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा मतदानों के बाद अब 11 मार्च को नतीजें सामने आ जाएॅंगे। ईवीएम के खुलने का इंतजार सबको बेसब्री है। 11 मार्च को तय हो जाएगा कि कौन सरताज बनेगा और किसके सर का ताज छिनेगा। किस पार्टी की सरकार बनेगी? क्या अखिलेश की वापसी होगी या भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा या फिर मायावती सत्ता पर काबिज होगी? किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेगी इन सभी सवालों का जवाब को 11 मार्च को मिल जाएंगे। महमूदाबाद में 19 फरवरी को विधानसभा चुनावों के मतदान पडे थे। सीतापुर जिले में ज्यादा हर किसी की नजर महमूदाबाद विधानसभा सीट पर टिकी है। क्योंकि यहां से सीधी टक्कर पांच बार विधायक रहे कैबिनेट मंत्री से होनी थी।

कारण साफ है यहां पर सपा से पांच बार विधायक रहे साथ ही कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र सिंह वर्मा मैदान में थे। भारतीय जनता पार्टी से लखनऊ निवासी आशा मौर्या को मैदान में उतारा गया था वहीं बसपा से प्रद्युम्न वर्मा मैदान में थे।

अब बात करें सपा की तो नरेन्द्र सिंह वर्मा यहां पर पांच बार विधायक रह चुके हैं। नरेन्द्र सिंह वर्मा अपनी व्यवहारकुशलता और जनता से सीधे संवाद के कारण काफी लोकप्रिय रहे हैं। शनिवार और रविवार को जनता दरबार वह समस्याओं का निराकरण करते रहे है। उनकी इसी लोकप्रियता को लेकर वह स्वयं और उनके समर्थक जनता के बीच पहुंचे थे वहीं दूसरी ओर अपने पांच साल के कार्यकाल के विकास को भी नरेन्द्र सिंह वर्मा जनता को बताना नहीं चूकते थे। जाहिर सी बात है नरेन्द्र सिंह वर्मा के पांच साल के विकास की चर्चा गांव गांव दौडी थी और पूरे जिले में चर्चित भी हुई थी।

भारतीय जनता पार्टी कभी महमूदाबाद में अपना जनाधार खो चुकी थी। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के मार्कण्डेय यादव को मात्र 3147 मत मिले थे। इस विधानसभा चुनाव में यहां से पूर्व चेयरमैन सुरेश वर्मा को टिकट मिलने की पूरी संभावना जताई जा रही थी वहीं अचानक आशा मौर्या को टिकट मिलना लोगो को रास नहीं आ रहा था किन्तु आशा मौर्य को कहीं न कहीं से मोदी लहर का बड़ा फायदा मिलना बताया जा रहा है।

बहुजन समाज पार्टी से प्रद्युम्न वर्मा मैदान में थे। वर्ष 2012 में यहीं से बसपा का चुनाव अहमद अंसारी लड़े थे। अहमद अंसारी के क्षेत्रीय होने के कारण उन्होने सपा को कडी टक्कर दी थी औ करीब 67000 मत प्राप्त किये थे। किन्तु 2017 के चुनाव से पूर्व अहमद अंसारी सपा में शामिल होकर नरेन्द्र सिंह वर्मा के साथ चले गये थे। उनके साथ बडे बसपा नेता भी सपा में गये थे।


तीनों प्रत्याशियों ने अपनी ताकत झोंकने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। पूरे दिन लोगो के घरों के दरवाजे ठोकते ठोकते थे गांव गांव शहर शहर गली कूचे में ईंट पत्थरों की ठोकरें खाते रहे थे। जनता से झूठे अच्छे वादे करना और अपने को बेहतर दिखाने में कोई कसर नहीं छोडी।
लेकिन 11 मार्च को जनता का क्या जवाब आता है यह देखना अत्यंत दिलचस्प होगा।

विज्ञान मेले में बेटियों ने मारी बाजी, नंदनी व सुलोचना प्रथम


महमूदाबाद, सीतापुर
        विज्ञान सांसारिक जीवन के लिए वरदान है। वैज्ञानिक आविष्कारों ने मानव जीवन को अनेक सुविधाएं प्रदान की हैं। सरल, सुग्राह्य व रोचक ढंग से विज्ञान की शिक्षा देने में सुयोग्य व प्रशिक्षित शिक्षक-शिक्षिकाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
    ब्लाक संसाधन केंद्र महमूदाबाद में आयोजित गणित व विज्ञान मेले के अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र वर्मा ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षक-शिक्षिकाओं को विज्ञान शिक्षण करते समय क्रियात्मक विधि अपनानी चाहिए। इस मौके पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में नंदिनी सिंह को प्रथम, सोनी देवी को द्वितीय तथा अंकित कुमार को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। चित्रकला प्रतियोगिता में सुलोचना, रूबीना व राजाराम को क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। भाषण प्रतियोगिता में दीपक ने पहला, इमरान ने दूसरा तथा आदित्य ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। नान वर्किंग माडल प्रतियोगिता में आयुषी विश्वकर्मा को प्रथम, अंजनी देवी को द्वितीय तथा कुलदीप कुमार को तृतीय स्थान मिला।
      वर्किंग माडल प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय चतुराबेहड़ को प्रथम, कन्या विद्यालय महमूदाबाद को द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय खपूरा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उमेश वर्मा, तापस पांडेय, पुनीत कुमार, पवन वर्मा, अनुराग श्रीवास्तव, गीता विश्वकर्मा, ममता वर्मा, ज्योति भल्ला ने प्रतियोगिताएं संपन्न कराईं। संचालन डा. सुशील वर्मा ने किया। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत करते हएु बीईओ शैलेंद्र वर्मा, सुरेश चंद्र वर्मा, जुनैद अहमद, प्रदीप पाल व रूप किशोर अवस्थी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सऊदी में फंसा महमूदाबाद का युवक, लगाई मदद की गुहार


महमूदाबाद-सीतापुर 
उत्तर प्रदेश सरकार रोजगार के दावों को जितना ही मजबूत बताती हो परंतु हर बार उसके दावे खोखले साबित हो जाते है। कई बार भारतीय युवक रोजगार न मिल पाने के कारण विदेशों में अपना हाथ आजमाने जाते है। कई बार मुश्किलों में भी पड़ जाते हैं। 
महमूदाबाद से सुदूर सऊदी अरब में कमाने गया युवक अब परेशानी का शिकार हो गया है। उसके पास न तो धन बचा है और न ही कोई रोजगार है। पीडित युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भारतीय नागरिकों और भारत सरकार से मदद की गुहार लगाई गई है। 
लवकुश यादव मूलरूप से महमूदाबाद के रमद्वारी का रहने वाला है। उसके भाई के मुताबिक वह चार फरवरी को सऊदी अरब काम करने गया था। वीडियों में लवकुश ने बताया कि वह भूखों मर रहा है। उसके पास न तो कोई रोजगार है और न ही पैसा जिससे वह वापस भी नहीं आ पा रहा है। उसकी शादी हो चुकी है और एक बच्चा भी है। 
लवकुश ने करीब एक सप्ताह पहले सोशल मीडिया पर अपना वीडियो अपलोड किया था। वीडियों में वह मांग की गुहार लगाता दिख रहा है।

बसपा नेता को दिनदहाड़े मारी गोली , चार पर मुकदमा


महमूदाबाद, सीतापुर 
    रामपुर कलां थानाक्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही एक युवक ने ग्राम प्रधान को रविवार की सुबह गोली मार दी। युवक ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब प्रधान अपने घर से कोटेदार के वहां एमडीएम का खाद्यान लेने गए थे। गंभीररूप से घायल ग्राम प्रधान को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।



     थानाक्षेत्र के ग्राम चैड़िया कोठार के ग्राम प्रधान व बसपा कार्यकर्ता जयकुमार उर्फ शंभू यादव (50) पुत्र शिव कुमार रविवार की सुबह करीब नौ बजे कोटेदार साबिर के वहां एमडीएम का खाद्यान लेने गए थे। कोटेदार से वार्ता कर प्रधान वापस आने लगे तभी गांव के ही गब्बर सिंह की परचून की दुकान के सामने पीछे से गांव के ही निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र महेशचंद्र ने अवैध असलहे से फायर झोंक दिया। गोली जयकुमार के कंधे में जा लगी और वे गिर पड़े। प्रधान पर गोली चलने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए जिससे वीरेंद्र हवाई फायर करता हुआ मौके से भाग निकला।



 परिजन आनन-फानन में घायल को लेकर स्थानीय थाने पहुंचे जहां से घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी पहला भेज दिया गया। डाक्टरों ने प्राथकि उपचार के बाद गभीररूप से घायल जयकुमार को लखनऊ स्थित मेडिकल कालेज के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने राजेश उर्फ श्रीपाल पुत्र भागीरथ की तहरीर पर वीरेंद्र, दुर्गेश, छोटेसिंह पुत्रगण महेश सिंह, कमल उर्फ पप्पूसिंह पुत्र मितान सिंह सर्व निवासी चैड़िया कोठार के खिलाफ 307, 504 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
 गोलीकांड में घायल जयकुमार पूर्व में हुए जिला पंचायत के चुनाव में बसपा पार्टी से इसी क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुका है किंतु उसे हार का सामना करना पड़ा था।