पांच सौ करोड के बांध पर बारिश ने फेरा पानी, बन गये गड्ढे


महमूदाबाद (सीतापुर)
      दशकों से घाघरा नदी की विनाशलीला झेलने वाले रामपुर मथुरा क्षेत्र के दर्जनों गांवों के सैकड़ों किसानों की हजारों एकड़ फसल के साथ भारी जन-धन की हानि को रोकने के लिए करोड़ोें रुपए की लागत से बन रहा बंधा एक भी बरसात नहीं झेल सका। बंधे में जगह-जगह मिट्टी बैठ गई है और बीच में कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। बाढ़ की विभीषिका से तबाह रहने वाले किसान क्षतिग्रस्त हो रहे बंधे को देखकर हलकान हैं।
      रामपुर मथुरा क्षेत्र में बड़ी नदी के नाम से विख्यात घाघरा नदी की प्रलयंकारी बाढ़ दशकों से किसानों की फसल के साथ आशियाने तबाह करती रही है। बीते करीब एक दशक से घाघरा में बैराजों का लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने से तबाही झेलना क्षेत्र वासियों की आदत सी बन गई थी। बांधों के पानी को रोकने तथा नदी के किनारे बंधा निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र के समाजसेवी संगठनों द्वारा वर्षों से की जा रही थी। जनहित की मांग को जन प्रतिनिधियों ने गंभीरता से लेकर प्रदेश से लेकर केंद्र तक की सरकारों से समस्या समाधान पर समुचित कदम उठाने की मांग की। लंबी जद्दोजहद के बाद शुरू हुए बांध निर्माण से किसान राहत की सांस लेते हुए काफी खुश थे।

      घाघरा नदी के किनारे रेउसा के चहलारी घाट से बाराबंकी के एल्गिन ब्रिज तक 55 किलोमीटर लंबे बंधे का निर्माण हो रहा है। करीब साढ़ पाच सौ करोड़ की लागत से बनने वाले इस बंधे का निर्माण सिंचाई विभाग बाढ़ प्रखंड बाराबंकी द्वारा कराया जा रहा है। किंतु बनाया गया बंधा पहली बरसात होते ही किसानों की खुशियां गायब होती दिख रही हैं। पहली बरसात ही बंधा नहीं झेल सका। बंधे के ऊपर पानी भर जाने के बाद जगह-जगह मिट्टी बैठ गई और कई स्थानों पर बंधे के बीच गहरी दरारे पड़ गई है। बंधे की हालत देखकर क्षेत्रवासी परेशान है। इस बंधे के निर्माण से बाराबंकी व सीतापुर के करीब पांच सौ से भी अधिक गांवों के हजारों लोगों को फायदा होगा। पहली ही बरसात में बंधे के धंसने से उसमें दरारें देखकर क्षेत्रवासियों व किसानों के माथे पर चिंता की चकीरें खिंचनी शुरू हो गई हैं। क्षेत्र के समाजसेवियों बुद्धिपुरवा निवासी पूर्व प्रधान अटौरा रामकुमार वर्मा, पूर्व प्रधान अंगरौरा दीपक तिवारी, सरदार रेशम सिंह, मिश्रनपुरवा के जयकरन अवस्थी, रामू तिवारी प्रधान अंगरौरा, ज्ञानेंद्र तिवारी, राधेश्याम पांडेय, छोटेलाल मिश्र, दुर्गेश मिश्र, अमरदीप अवस्थी, रामविजय सोनी, डा. ओपी वर्मा, डा. वीपी सिंह, शिव बालक यादव, सतनाम सिंह, जगदीश नारायण रौतैला सहित सैकड़ों लोगों ने बंधे की मरम्मत कराने की मांग की।

दिव्यांग मोहिनी को मिला राज्यमंत्री का सहारा, अब शुरू कर सकेगी पढाई

sambodhit karte mantri Naredra Verma.............................................................(mmbsamachar)

महमूदाबाद, सीतापुर
     हिम्मत व साहस के साथ इंटरमीडिएट की परीक्षा पास करने वाली दिव्यांग मोहिनी के दोनों पैर पूरी तरीके से निष्क्रिय हैं। मोहिनी घिसटकर हाथों के सहारे चलने को विवस है किंतु मोहिनी के दिल में आसमान छूने का हौंसला अभी टूटा नहीं है। आर्थिक तंगी के कारण उसकी पढ़ाई चार साल से बंद है। मोहिनी अपने हौंसलों को हवा देने वाले पंखों की तलाश में दर-दर भटक रही है। शनिवार को पहला में विकलांग शिविर में पहुंचे राज्यमंत्री नरेन्द्र सिंह वर्मा से मोहिनी ने मदद की गुहार लगाई। राज्यमंत्री ने तत्काल निदान का आश्वासन भी दिया।
     विकास खंड पहला के ऊंचगांव मजरे देवकलिया निवासी शंकर दयाल शुक्ल के चार पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है और तीसरे नंबर की पुत्री मोहिनी दोनों पैरों से पूरी तरीके से निशक्त है। बचपन से मोहिनी कुशाग्र बुद्धि की होने के कारण गांव के स्कूल से पढ़ाई शुरू कर किसी तरह से वर्ष 2012 में इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की। परिवार की माली हालत ठीक न होने के कारण माता-पिता ने दिव्यांग बेटी मोहिनी की पढ़ाई रोक दी। पढ़ाई रुकने से क्षुब्ध दिव्यांग मोहिनी घर में अपने 75 वर्षीया बाबा प्यारेलाल के साथ रह रही है। दिव्यांग को जीवन यापन के लिए काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। दिव्यांग के घर का नल खराब है और पास-पड़ोस कोई नल न होने के कारण पेयजल का संकट है। दिव्यांग ने समाज कल्याण राज्यमंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा से भेंटकर नल लगवाए जाने व आगे की पढ़ाई शुरू कराने में सहायता की मांग की। राज्यमंत्री ने विकलांग की समस्याओं का तत्काल निदान कराने का आश्वासन दिया।

लेडी हैग ने जहां बनाया दवाखाना, अम्मार रिजवी ने उसे बना दिया था बडा अस्पताल



दो जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से बदल गई महमूदाबाद स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर

अवध स्टेट की सबसे बडी रियासत मानी जाने वाली महमूदाबाद का इतिहास काफी स्वर्णिम रहा है। कभी रियासत काल में सबसे बडी स्टेट मानी जाने वाली महमूदाबाद क्षेत्र के लोगो को बेहतर स्वास्थ्य  सेवाएं उपलब्ध कराने के लिये रियासत काल  से स्थापित अस्पताल के पास ही 5 जनवरी 1936 को लेडी हैग ने महिलाओं की सुविधाओं के लिये एक डिस्पेंसरी का शिलान्यास किया। ब्रिटिश काल में स्थापित हुई यह डिस्पेंसरी समय बदलने के साथ साथ सीएचसी महमूदाबाद का अभिन्न अंग बन गया। करीब तीस दशक तक महिलाओं के यह एक दवा वितरण केन्द्र के रूप में स्थापित रहा।
   
Dr. Aamar Rizvi
बात 1984 की है। क्षेत्र के तत्कालीन विधायक व प्रदेश के वरिष्ठ कबीना मंत्री डा. अम्मार रिजवी ने क्षेत्र में एक महिला अस्पताल की जरूरत को महसूस करते हुए वर्ष 1984 के पूर्व तक  दवा वितरण केन्द्र रहे अस्पताल को 24 मार्च 1984 को स्वास्थ्य मंत्री लोकपति त्रिपाठी  के साथ तीस शैय्यायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की आधार शिला  रखी। उस समय यह क्षेत्र की जनता के लिये एक अलग पहल थी। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकर तैयार होने पर 7 मई 1990 को तत्कालीन  स्वास्थ्य मंत्री मुख्तार अनीस ने 30 से बढाकर 36 शैय्याओ को इस सीएचसी का लोकार्पण किया था।




Narendra Singh Verma
करीब दो दशक बाद महमूदाबाद महिला अस्पताल लोगो को सेवाएं देते देते काफी जर्जर हालत में पहुंच चुका था। वर्ष 2012 मेें जब उत्तर प्रदेष से समाजवादी पार्टी की सरकार बनी। क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र सिंह वर्मा को राज्यमंत्री का दर्जा मिला। उन्होने स्वास्थ्य सेवाओं को उच्चीकृत करना शुरू किया। महिला अस्पताल के जर्जर हालातों को देखते हुए राज्यमंत्री नरेन्द्र सिंह वर्मा ने मुख्यमंत्री से महमूदाबाद में महिला अस्पताल के हाईटेक भवन की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री ने 5 करोड रूपये की स्वीकृति प्रदान कर दी।
आज महमूदाबाद महिला अस्पताल का भवन लगभग पूर्ण होने की कगार पर है। इस अस्पताल में हाईटेक चिकित्सा सुविधाओं के साथ साथ लिफ्ट की व्यवस्था भी होगी।

आयुष जैन की रिपोर्ट

                                        महिला अस्पताल की कुछ चुनिंदा फोटोज देखियें।

maujooda mahila asptal ka purana bhawan
maujooda mahila asptal
अपने सुझाव अवष्य दें।


दूसरे दिन भी गांवों में दिखा मातमी सन्नाटा, रोने चीखने की आती रहीं आवाजें



Rote Bilakhte parijan                      - Mahmudabad Samachar

Ayush Jain Journalisl
महमूदाबाद (सीतापुर)
       सड़क दुर्घटना में महमूदाबाद क्षेत्र के चार युवकों की हुई दर्दनाक मौत के दूसरे दिन भी पैतृक गांवों व नगर में सन्नाटा पसरा रहा। गांव में पसरे मातमी सन्नाटे के बीच मृतकों के घरों से रोने-चीखने के साथ विलाप करने की आवाजें आती रहीं।़ अपने लाडलों की याद करके घर परिवार के लोगों के साथ आसपास के लोगों की आखें बार-बार छलकती नजर आईं। पीड़ित परिवारों के साथ पास-पड़ोसियांे के यहां दूसरे दिन भी चूल्हे नहीं जले। शोकाकुल परिजनों के घरो को पहुंचकर सांत्वना देने वाले लोगों का तांता लगा रहा।
      महमूदाबाद के उत्तरी वार्ड निवासी विनोद पुत्र मन मोहन मिश्र की बारात में शनिवार की शाम संदीप की वैगनआर से मुकुल वर्मा, संदीप मौर्य, अमित वर्मा व उसका भाई शोभित, अमरदीप श्रीवास्तव सीतापुर गए थे। सभी पांचों आपस में गहरे मित्र थे। रात करीब 11 बजे तक बारात का आनंद लिया और उसके बाद घर वापसी के लिए निकल पड़े। मित्र की शादी के जश्न बाद लौट रहे सभी युवक आपस में चर्चा कर रहे थे कि संदीप की शादी हो चुकी है बाकी हम लोगों की शादी भी धूमधाम से होनी है। युवक खैराबाद के बाहर निकले थे कि सामने से आती टाटा सफारी ने सरैंया सानी के समीप काल बनकर टकराई और युवकों की कार खड्ड में जा गिरी। जिससे मुकुल व संदीप की जहां मौके पर ही मौत हो गई वहीं अमरदीप ने जिला चिकित्सालय में तथा अमित वर्मा ने मेडिकल के ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। घायल शोभित का इलाज लखनऊ में चल रहा है।

महमूदाबाद समाचार की लगातार अपडेट प्राप्त करने के लिये लाइक करें- यहां क्लिक करें

      दुर्घटना में मौत का शिकार हुए युवक वर्तमान में महमूदाबाद नगर में निवास कर रहे थे। किंतु सभी युवकों के पैतृक निवास अलग-अलग व एक-दूसरे से काफी दूरी पर थे। दुर्घटना में मौत का शिकार हुए युवकों के स्थानीय निवास के साथ उनके पैतृक गांवों में भी मातमी सन्नाटा घटना के दूसरे दिन पसरा रहा। मुकुल वर्मा के पैतृक गांव जनपद बाराबंकी के सरसवां तथा संदीप के सेलुहामऊ तथा अमरदीप के भगौली व सदरपुर थानाक्षेत्र के गंगेला गांव निवासी अमित वर्मा आदि के गांवों में अंतिम संस्कारों के बाद दूसरे दिन भी पीड़ितों व आसपास के तमाम परिवारोें में जहां चूल्हे नहीं चले वहीं दूर-दराज के नाते-रिश्तेदारों के पहुंचने पर अपने लाडलों की याद में मां-बाप, भाई-बहनों का रोने व चीखने से काफी बुरा हाल बना रहा।

चारों एकलौते भाई छोड़ गए मृतक

     दुर्घटना में मौत का शिकार हुए सभी चारों युवक दो-दो भाई थे। अब मुकुल के बाद उनके परिवार में उनका बड़ा भाई अतुल तथा संदीप का छोटा भाई अमरदीप, अमित वर्मा का छोटा भाई शोभित वर्मा तथा अमरदीप का छोटा भाई प्रिंस उर्फ शिवम् बचा है। ईश्वर ने चारों मृतकों के माता-पिता से एक-एक बेटा असमय छीन लिया है।  

Read thus also

महमूदाबाद में कोहरामः काफी मिलनसार था पूर्व चेयरमैन का बेटा मुकुल




हर्ष फायरिंग मामले में आरोपी तीनों युवक गये जेल

File photo 


महमूदाबाद (सीतापुर)
     रामपुरकलां थानाक्षेत्र में तिलक समारोह में दरोगा की मौजूदगी में डांस के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने मामले के आरोपी तीनों युवकोें को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।  
   मालूम हो कि  07/08 जुलाई की रात रामपुर कलाॅं थानाक्षेत्र के भगवंतपुर रेवाली गाॅव निवासी बाबा रामनरेश भार्गव पुत्र विशेश्वर के बेटे प्रद्युम का तिलक समारोह था। प्रद्युम के तिलक के अवसर पर मेहमानों के मनोरंजन के लिए नृत्यांगनाओं को नृत्य करने के लिए बुलाया गया था। कार्यकक्रम में मौजूद दरोगा सीताराम स्वर्णकार भी अपने को रोक नहीं पाए और सबसे आगे आकर बैठ गए और नाच का आनंद लेने लगे। इसी बीच उत्साही युवकों ने पुलिस को नजर अंदाज करते हुए जोश में आकर अवैध असलहों से हर्ष फायरिंग कर दी। दरोगा की मौजूदगी में वैध व अवैध असलहों से हो रही फायरिंग की मोबाइल से वीडियों रिकार्डिंग बनाकर किसी ने सोशलमीडिया पर डाल दी गई थी। वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक डाॅ. सौमित्र यादव ने दरोगा सीताराम स्वर्णकार को निलंबित कर दिया था।
मामले में धारा 307, 25/27 व 25 वन बी आम्र्स एक्ट के तहत पाॅच लोगों के विरूद्ध दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले के दो आरोपियों रामनरेश पुत्र विशेश्वर व उनके बेटे शानू को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रामपुर कलाॅ थानाध्यक्ष यदुनंदन यादव ने बताया कि घटना के अन्य आरोपी भोलूसिंह उर्फ महेश प्रताप सिंह निवासी धोधीं राही थाना तालगांव, शंकर पुत्र रंगीलाल निवासी जसमंडा थाना रामपुरकलां, जीतू उर्फ महेंद्र प्रताप सिंह निवासी बासू जनपद बाराबंकी को रविवार को जेल भेज दिया गया।




वीडियो देखने के लिये यहां क्लिक करें।click here

यह भी पढें

नृत्यांगनाओं में मस्त रहे दरोगा, लोग करते रहे हर्ष फायरिंग



महमूदाबाद में कोहरामः काफी मिलनसार था पूर्व चेयरमैन का बेटा मुकुल



आयुश जैन

महमूदाबाद, सीतापुर
बाराबंकी जनपद के सरसवां के मूल निवासी एवं नई बाजार उत्तरी निवासी पूर्व चेयरमैन सुरेश वर्मा के पुत्र मुकुल वर्मा अनुदेशक के पद पर जूनियर हाईस्कूल में कार्यरत था। मुकुल की माता सुशीला वर्मा भी नगर पालिका परिषद में चेयरमैन रह चुकी हैं। इनके बाबा कीढी लाल व चाचा बृजेश वर्मा सरसवां में रहते हैं। बडे भाई अतुल वर्मा ब्लाक पहला में क्षेत्र पंचायत सदस्य रह चुके हैं। मुकुल वर्मा का व्यवहार मिलनसार था। बीती रात बिसवां-सीतापुर मार्ग पर शादी समारोह से वापस लौटते वक्त हुई दुर्घटना ने महमूदाबाद को झकझोर कर रख दिया। हर तरफ चारों नव युवकों के व्यवहार कुशल और मिलनसारिता के चर्चे थे। मुकुल के दोस्तों की मानें तो मुकुल सभी का बहुत ही ख्याल रखता था। उसका दोस्ताना अंदाज निराला था। चारों नव युवकों की मौत पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष महेन्द्र वर्मा, नगर पालिकाध्यक्ष मोहम्मद अहमद, नगर पंचायत अध्यक्ष उरूज आलम, सभासद चक्रसुदर्शन पाण्डेय, कांग्रेस नेता मोहन प्रसाद बारी, उमेश वर्मा सभासद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर वर्मा, लायर्स एसोसिएशन अध्यक्ष उमेश गुप्त, रीतेश रस्तोगी, चन्द्रकांत रस्तोगी ‘कुंवर’, बृजेश गुप्ता, जैन समाज अध्यक्ष मनोरंजन जैन, विकास जैन, महामंत्री पारस जैन, ब्लाक प्रमुख पहला प्रवीण वर्मा, पालीटेक्निक प्रधानाचार्य सी.पी. त्रिपाठी, उपप्राचार्य जे.एन. प्रजापति, संजू प्रजापति स्मारक इण्टर कालेज के संरक्षक रामप्रवेश प्रजाति, प्रधान प्रदीप प्रजापति, पंकज जायसवाल, सभासद जावेद, पूर्व सभासद राशिद कामरीन, पूर्व सभासद सुशील सिंह, सभासद ज्ञानसागर गुप्ता, प्रहलाद गुप्ता सहित समाजसेवियों, राजनीतिदलों के कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की।

अमरदीप की याद मंें बार-बार मूर्छित हो रही मां
महमूदाबाद, सीतापुर
शहजानी वार्ड के नहर कालोनी निवासी राधेश्याम का पुत्र अमरदीप श्रीवास्तव  लखनऊ में निजी कम्पनी में जाॅब करता था। पिता राधेश्याम को दो साल पहले पैरालाइसिस का अटैक हो गया था। अमरदीप का एक भाई प्रिंस व दो बहनें लाडली व सुमनी हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है। मां व बहनें बार बार अमरदीप की याद कर मूर्छित होकर फर्श में गिर पड रही हैं।

13 फरवरी को ही हुई थी संदीप की शादी, पत्नी का रो रो कर बुरा हाल
महमूदाबाद, सीतापुर
बाराबंकी जनपद के सेलुहामऊ के मूल निवासी अवधराम मौर्य स्थानीय जवाहर लाल पालीटेक्निक में विभागध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं और यहीं शहजानी वार्ड के नहरकालोनी में अपना निजी आवास बनाकर रहते हैं। संदीप मौर्य नेटवर्क क्षेत्र में इंजीनियर निन्दूरा जनपद बाराबंकी में कार्य करता था। मां योगेश्वरी मौर्य नगर पालिका में सभासद रह चुकी हैं। भाई अमरदीप मौर्य देवरिया में जेई है। संदीप मौर्य की विगत 13 फरवरी को ही टिकैतगंज निवासी शालिनी मौर्य से विवाह हुआ था। पत्नी शालिनी मौर्य की अभी पूरी तरह से हाथ की मेंहदी भी नहीं मिटी थी और उसके पति संदीप मौर्य की मौत हो गई। शालिनी मौर्य को जब मालूम हुआ तो उसके पति संदीप की मौत हो गई है तो वह मूर्छित हो गई।

अभी अभी मिली थी अध्यापक पद पर तैनाती
महमूदाबाद, सीतापुर
गंगेला निवासी जयकरन सिंह का पुत्र अमित को अभी 27 जून को अध्यापक पद पर तैनाती मिली थी। तैनाती मिलने के बाद घर में जो खुशियों का माहौल बना था वह एक झटके में ही बिखर गया। मां पूजा वर्मा, दादी शांति देवी तथा बहन मधू का अमित की मौत से रो रो कर बुरा हाल है। वहीं बाबा राजाराम व पिता जयकरन सिंह भी हाल बेहाल थे। जयकरन सिंह का एक पुत्र शोभित भी साथ में था। जिसके दोनो पैर टूट गये हैं तथा अन्य चोटे आई है उसका ट्रामा में इलाज चल रहा है। घर में कोहराम मचा हुआ है।

चारों मृतकों के घर पहुंचे राज्यमंत्री, घायल से मिलेे, जताया शोक
महमूदाबाद, सीतापुर
सीतापुर-बिसवां मार्ग पर हुई दुर्घटना में महमूदाबाद के चार नवयुवकों की मृत्यु पर  प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री नरेन्द्र सिंह वर्मा सूचना पाकर ग्राम सरसवां पहुंचे और मृतक मुकुल के परिजनों व पूर्व चेयरमैन सुरेश वर्मा को ढांढस बंधाते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद राज्यमंत्री नरेन्द्र वर्मा अवधराम मौर्य के आवास पर पहुंचे और परिजनों को शोक संवेदना व्यक्त की। तत्पश्चात राधेश्याम श्रीवास्तव के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद समाज कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह वर्मा ने गंगेला गांव पहुंचकर मृतक अमित वर्मा के परिजनों को शोेक संवेदना व्यक्त कर हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह वर्मा ट्रामा सेन्टर लखनऊ भी गये जहां गंभीर रूप से घायल सुमित सिंह के बारे में चिकित्सकों से जानकारी करने के बाद चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।



भूमिगत केबिल कार्य- पहली बरसात और जगह जगह धंस गई सडक



महमूदाबाद, सीतापुर
नगर में अण्डरग्राउण्ड विद्युत केबिल के लिये खोदे गये गड्ढों की मरम्मत कार्यदायी संस्था ने फौरी तौर पर कर दी गई थी। केबिल के लिये खोदी गई सडकें पहली बरसात भी न झेल पाईं और मरम्मत की पोल खुल गई। दर्जनों स्थानों पर सडक धंस गई जिससे राहगीरों को आने जाने में असुविधाओं का सामना करना पड रहा है।
नगर की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिये क्षेत्रीय विधायक समाज कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह वर्मा के आग्रह पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 36 करोड की लागत से महमूदाबाद में महानगरीय विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने के तहत प्रदान किये थे। इस धनराशि से भूमिगत लाइन बिछाने के लिये कार्यदायी संस्था ने मानक के विपरीत काफी पास-पास गड्ढे खोदकर विद्युत केबिल डालने का कार्य किया गया था। एक गड्ढे से दूसरे गड्ढे तक मशीन से सुरंग बनाना था किन्तु ऐसा न किया गया। गड्ढों को मिट्टी डालकर पाट दिया गया और ऊपर सीमेण्ट का लेप लगा दिया गया। इससे रामकुण्ड के पास हनुमान मंदिर के नीचे करीब 6 फिट सडक जलभराव के बाद धंस गई। इसी प्रकार बजाजा बाजार ब्लाक रोड व नई बाजार बेलदारी टोला आदि में कई  स्थानों पर सडक धंसने से राहगीरों को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड रहा है। इस सम्बंध में गत दिनों नगर में आए जिलाधिकारी के समक्ष पत्रकारों ने अण्डरग्राउण्ड कार्य के लिये खोदे गये गड्ढों की मरम्मत बरसात बाद कराने की मांग की थी किन्तु कार्यदायी संस्था ने मनमाने तरीके से गड्ढों को पाटने के कार्य की लीपा पोती कर दी थी जिससे बरसात में गड्ढे धंस रहे है और लोगो के लिये मुसीबत का सबब बन गये हैं।

Read This also-

सपा सरकार के खिलाफ थानों पर उतरी भाजपा




अपराधियों का प्रदेश बन गया है उत्तर प्रदेश- भूपेन्द्र जैन
महमूदाबाद, सीतापुर
समाजवादी पार्टी की सरकार प्रदेश को लूट रही है। अत्याचार, बलात्कार, अन्याय की घटनाएं बढ  रही है। सरकार के दबाव के चलते पुलिस भी अपना कार्य नहीं कर पा रही है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अब इस अन्याय को सहन नही करेंगें। यह उद्गार के.के. त्रिवेदी जिला उपाध्यक्ष ने कोतवाली महमूदाबाद में धरना प्रदर्शन करते हुए व्यक्त किये। के.के. त्रिवेदी जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नेतृत्व मोदी के नेतृत्व में देश विकास कर रहा है। शीघ्र ही विकसित देश का दर्जा मिलने वाला है। प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार केन्द्र का सहयोग नहीं कर रही है। यहां साढे तीन मुख्यमंत्री सरकार चला रहे है इसीलिये भ्रष्टाचार बढ रहा है। थानों, तहसीलों व अन्य काया्रलयों में सपा के गुण्डे काम नहीं करने दे रहे है लेकिन अब समय बदलने वाला है। आगामी चुनाव में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। गुण्डे अपराधी जेल जायेंगें।भूपेन्द्र जैन जिला संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ ने कहा कि सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपराधियों का प्रदेश बना दिया है। अपराधों के चलते जनता त्राहि त्राहि कर रही है। विधायक मंत्री थानों में बैठकर राजनीति कर रहे है। भाजपा कार्यकर्ता अब जाग चुका है वह अब उत्पीडन सहन नहीं करेगा। रामचन्द्र वमा ने कहा किभाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है।जबकि सपा, बसपा, कांग्रेस जातिवाद की राजनीति कर रहे है इसलिये अपराध बढ रहे है। भू-माफिया, अपराधी, गुण्डे बेखौफ होकर अधिाकारियों को धमका रहे है प्रदेश में भाजपा की सरकार करने पर सभी को न्याय मिलेगा। आशा मौर्य क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार के अब गिनती के दिन ही बचे है। प्रदेश की सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रहे है। भूफियाओं को सरकार जमीन पर कब्जा है। सरकार के मंत्री विधायकक दंगों को करवा रहे है। भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्पीडन किय जा रहा है। धरने को शीला गुप्ता, अनिल यादव, हवलदार सिंह ने सम्बोधित किया। संचालन नगर अध्यक्ष कालिका श्रीवास्तव ने किया। इस धरना प्रदर्शन में देशराज विश्वकर्मा, अजय वर्मा, राकेश श्रीवास्तव, पुष्कर मिश्र, चक्रसुदर्शन पाण्डेय, शिव सहाय, शंकर बख्श, महेश मौर्य आदि उपस्थित थे।

नृत्यांगनाओं में मस्त रहे दरोगा, लोग करते रहे हर्ष फायरिंग



व्हाट्सऐप पर वायरल हुई वीडियो पर हडकम्प, एसपी ने दरोगा को किया निलंबित

महमूदाबाद, सीतापुर
प्रदेश सरकार के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भले ही बेहतर कानून का व्यवस्था दावा करते हुुए समय समय पर पुलिस को निर्देश देते रहें है किन्तु पुलिस प्रशासन का उन पर कोई असर नहीं होता है। ताजा मामला सीतापुर के रामपुर कलां थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवंतपुर गांव का है। यहां पर तिलक समारोह में एक ओर दरोगा जी जहां नृत्यगनाओं में मस्त है वहीं दूसरी ओर उनके सामने दो नाली बंदूक से जमकर हर्ष फायरिंग हो रही है। 07/08 जुलाई की रात रामपुर कलाॅं थानाक्षेत्र के भगवंतपुर रिवाली गाॅव निवासी बाबा रामनरेश भार्गव पुत्र विशेषश्वर के बेटे प्रद्युम का तिलक समारोह था। प्रद्युम के तिलक के अवसर पर मेहमानों के मनोरंजन के लिए नृत्यांगनाओं को नृत्य करने के लिए बुलाया गया था। नृत्यांगनाओं के लिए आकर्षक मंच सजा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के साथ संगीतकारों की सुमधुर ध्वनि के साथ नृत्यांगनाओं ने धूम मचाने वाले फिल्मी व भोजपुरी गानों की जब तान छेंड़ी तो कार्यकक्रम में मौजूद दरोगा सीताराम स्वर्णकार भी अपने को रोक नहीं पाए और सबसे आगे आकर बैठ गए और नाच का आनंद लेने लगे। वहां मौजूद लोग भी दरोगा जी को मस्त देखकर अपने को रोक नहीं पाये और उनको नजरअंदाज करते हुए जमकर वैध अवैध असलहों से हर्ष फायरिंग की घटना को अंजाम दे डाला। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हडकम्प मच गया। सीतापुर एसपी सौमित्र यादव ने तत्काल दरोगा को निलंबित कर दिया। थानाध्यक्ष यादुनंदन यादव ने दो लोगो के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिया।
लेकिन क्या निलंबन मात्र से घटनाओं पर लगाम लग सकेगी। अपनी राय अवश्य दें।
घटना का वीडियो देखें-


विशाल शोभायात्रा निकालकर मूर्तियों की हुई प्राण प्रतिष्ठा



महमूदाबाद सीतापुर
जोगीदास कुटी पैतेपुर में भगवान राम, सीता,ु लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान, शिव परिवार तथा मां दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा के लिये प्रतिष्ठाचार्य गोविन्द नाथ वाजपेयी, रमेश जोशी, राजेन्द्र मिश्र ने विविध प्रकार के वैदिक संस्कार सम्पन्न कराया। तत्पश्चात मूर्तियों को नगर दर्शन के लिये शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री नरेन्द्र सिंह वर्मा ने शामिल होकर पूजन अर्चन किया। यह शोभायात्रा कस्बे के मुख्य मार्गाें से होते हुए राधा कृष्ण मंदिर, संगत बाबा कल्याण दास, काली मंदिर, जंगलीनाथ मंदिर, रामजानकी मंदिर, शिवमदिर सहित अन्य मंदिरों में पहुंची। जहां भक्तों ने मूर्तियों की आरती उतारी तथा प्रसाद वितरण किया। इस शोभायात्रा में नवयुवकों ने डीजे की ध्वनि पर अमीर गुलाल की होली खेली तथा भक्तिमय होकर नृत्य किया। शोभायात्रा के बाद सभी मूर्तियां प्राण प्रतिष्ठा के लिये मंदिर पहुंची जहां प्रतिष्ठाचार्याें ने वेदोक्त विधि स ेमंत्रों के साथ प्राण प्रतिष्ठा कराई। इस अवसर पर राधेश्याम, राजेन्द्र जैन, पंकज गुप्ता, हरिनाम, निखिलेश कुमार, अमृतांशू, रामू सोनी, लोकेश मिश्र सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे। शोभायात्रा में सुरक्षा के लिये चैकी प्रभारी अशोक यादव सहित पीएससी तैनात रहा।