महमूदाबाद में किसी का समर्थन नहीं कर रही कांग्रेस- अम्मार रिजवी


आयुष जैन महमूदाबाद।
आदर्श नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कोई प्रत्याशी न तो खड़ा किया है और न ही चुनाव में किसी का कांग्रेस समर्थन कर रही है। यह बात वरिष्ठ कांग्रेस नेता व प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री डा. अम्मार रिजवी ने दूरभाष पर वार्ता करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी छोटे स्थानीय चुनाव में हस्तक्षेप नहीं करती है।



उन्होने कहा कि महमूदाबाद के निकाय चुनाव में यदि कोई प्रत्याशी या कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी या हमारा नाम लेकर किसी प्रत्याशी के समर्थन की बात करता है तो यह गलत है। उन्होने कहा कि निकाय चुनावो में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले किसी प्रत्याशी के साथ मेरा समर्थन नहीें है। उन्होने कहा कि मेरी सोच रही है कि नगर निकाय या ग्राम पंचायतों के चुनाव स्वतंत्र हो और क्षेत्र की जनता अपने मनपसंद जो नगर को विकास के पथ पर ले जा सके, भाईचारा कायम कर सके उसका चुनाव जनता स्वयं करे।



उन्होने प्रतिनिधि के एक प्रश्न पर जवाब देते हुए कहा कि महमूदाबाद नगर निकाय की जनता स्वयं समझदार है और वह एक अच्छे, ईमानदार व्यक्ति का चुनाव करने में सक्षम है।

भगवामय हुई सड़कें, ‘जय श्री राम’ नारों से गूंज उठा महमूदाबाद


महमूदाबाद, सीतापुर
आदर्श नगर पालिका परिषद के चुनाव में भाजपा से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मोहन प्रसाद बारी ने कार्यालय उद्घाटन के नाम पर नगर के जनसम्पर्क के दौरान  पार्टी व अपनी ताकत का अहसास मतदाताओं को कराया। जनसम्पर्क के दौरान नगर क्षेत्र के सभी सम्भ्रान्त व्यापारियों व पार्टी के पुराने जुझारू कार्यकर्ताओं के साथ बाजार में जनसम्पर्क कर पार्टी के लिए वोट मांगे।



भाजपा प्रत्याशी मोहन प्रसाद ने अपना चुनावी कार्यालय नगर का हृदय कहे जाने वाले बजाजा चैराहे के समीप यज्ञसैनी धर्मशाला में बनाया है।




निकाय चुनाव के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी मोहन प्रसाद ने अपने चुनावी कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशा मौर्य, निकाय चुनाव प्रभारी विद्याराम वर्मा, राज्यमंत्री रहे शिवकुमार गुप्त, दस वर्षाें तक नगर पालिका के अध्यक्ष रहे सुरेश वर्मा, प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य रहे व दो बार पालिका अध्यक्ष चुनाव लड़ चुके प्रदीप गुप्त दीपू, भाजपा नेत्री शीला गुप्त के साथ टिकट की दावेदारी करने वाले संजय वर्मा, नरेन्द्र यादव, हिन्दू युवा वाहिनी के जिला प्रभारी के0के0 सिंह,





प्रमुख सर्राफा व्यवसायी मुकुन्दी लाल सोनी सहित सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अपने आवास से निकलकर रामकुण्ड चैराहे पर स्थापित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तत्पश्चात नगर के प्रमुख मार्गाें बजाजा बाजार, नई बाजार, बस स्टाॅप, चिकमण्डी, अमीरगंज पर व्यापारियों से चुनाव में जीत दिलाने का आहवान करते हुए पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां विधि विधान पूर्वक फीता काटकर कार्यालय उद्घाटन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।






समाजसेवी संस्था ने किया ऐसा काम, आप भी करेंगें सलाम


महमूदाबाद (सीतापुर)
    बेटे की मौत का सदमा न बर्दाश्त कर पाने के कारण पिता की भी मौत के बाद मुफलिसी के दौर से गुजर रहे परिवार की बेटी की शादी में बाकी सब ठीक है सेवा ट्रस्ट व पड़ोसियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। बेटी की शादी संपन्न होने पर बेसहारा मां ने राहत की सांस लेते हुए ईश्वर को धन्यवाद दिया।



    बेलदारी टोला निवासी विष्णु कुमार राणा के कमाऊ बेटे अंकुल बंसल की दुर्घटना में मौत हो गई थी। बेटे की मौत का सदमा विष्णु बर्दाश्त नहीं कर पाए और हृदयाघात से उनकी भी मौत हो गई। घटना करीब पांच वर्ष पूर्व की है। मुतक राणा अपने पीछे पत्नी मुन्नी देवी व 13 वर्षीया बेटी कीर्ति देवी तथा 10 वर्षीय बेटे विवेक बंसल को छोड़ गए थे। शादी लायक बेटी होने पर मां मुन्नी देवी को उसके विवाह को चिंता हुई। घरों में झाड़ू-पोंछा व बर्तन साफ कर अपना व परिवार का गुजार कर रही मुन्नी देवी ने पड़ोसियों से शादी में मदद करने की गुहार लगाई।


मुन्नी देवी ने बेटी की शादी तंबौर निवासी सौरभ पुत्र रमेश कुमार के साथ तय कर दी। बाकी सब ठीक है सेवा ट्रस्ट के प्रबंधक वागीश दिनकर वाजपेयी, कोषाध्यक्ष पवन वर्मा, कृतार्थ मिश्र, शशांक शुक्ल ने वर-वधु के लिए उपहार प्रदान किया। ट्रस्ट के आडीटर उमेश वर्मा ने बारातियों के भोजन की व्यवस्था की। विवाह समारोह में डा. महराज सिंह, डा. विपिन वर्मा, अशोक वर्मा, दिलीप शुक्ल, राजेंद्र वर्मा, हरीश श्रीवास्तव, नरेश जायसवाल, मदनलाल यादव, शंभू दयाल मौर्य आदि ने विशेष बढ़-चढ़कर सहयोग करके समाज सेवा के क्षेत्र में नई मिशाल कायम की। क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा ने समारोह में पहुंचकर सहयोग एवं आशीर्वाद दिया। 

निकाय चुनाव: कोई है करोड़पति तो कोई लाखों का है मालिक



आयुष जैन महमूदाबाद।
नगर पालिका परिषद चुनाव में अभी तक हुए नामांकन में सबसे अमीर प्रत्याशी के रूप में निर्दलीय प्रत्याशी रिजवान अंसारी हैं। इन्होने अपने नामांकन पत्र के शपथ पत्र में इन्होने अपनी चल अचल सम्पत्ति दो करोड़ बावन लाख 38 हजार रूपये दर्शायी है। रिजवान अंसारी द्वारा दिये गये शपथ पत्र में इनके पास स्वयं एक लाख साठ हजार की नगदी, बैंक में 28 लाख रूपये, एनएससी सत्तर हजार रूपये, पीपीएफ में चार लाख रूपये, एलआईसी में दस लाख रूपये जहां जमा हैं वहीं इनके पास 4.050 हेक्टेयर भूमि महमूदाबाद में है जिसकी कीमत एक करोड़ पचास लाख रूपये है। इनका बीबीपुर में दो हजार वर्ग फिट में आवासीय मकान निर्मित है तथा 1200 वर्ग फुट का पैतृक मकान में इनका 1/3 हिस्सा है। इनकी पत्नी फरीदा बानो के नाम एक लाख बीस हजार की नगदी, ढाई लाख बैंक में, 110 ग्राम सोना, 250 ग्राम चांदी, मोहल्ला पैगम्बरपूर में तीन हजार वर्ग फुट का प्लाट जहां है वहीं इनके पुत्र इकराम रिजवान के पास डेढ लाख की नगदी, दस हजार रूपये बैंक में, पांच लाख की एलआईसी, एक बजाज मोटर साइकिल, इनके द्वितीय पुत्र जीशान के पास अस्सी हजार नगदी, आठ हजार बैंक में तथा इनकी पुत्री निदा अंसारी के पास पचास हजार नगदी, पचास ग्राम सोना मौजूद है। इस तरह इनके और इनके परिवार के पास दो करोड़ बावन लाख 38  हजार की सम्पत्ति मौजूद है।


भारतीय जनता पार्टी के महमूदाबाद पालिका परिषद अध्यक्ष पद प्रत्याशी मोहन प्रसाद बारी ने गुरूवार को मंदिरों में पूजन अर्चन के बाद अपना नामांकन पत्र उपजिलाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।  भाजपा प्रत्याशी द्वारा अपने नामांकन पत्र में एक करोड़ ग्यारह लाख पचहत्तर हजार तीन सौ अट्ठासी रूपये की चल अचल सम्पत्ति का ब्यौरा प्रस्तुत किया है। मोहन प्रसाद बारी के पास 45 हजार नगदी, इलाहाबाद बैंक में 1834 रूपये, एसबीआई बैंक में 2141, बैंक आॅफ इण्डिया में 6413 रूपये तथा एलआईसी तीन लाख कीमत की पालिसी,  ढाई लाख की बीमा गोल्ड पालिसी, पांच लाख रूपये की महिन्द्रा बोलेरो कार, नब्बे हजार रूपये का तीस ग्राम सोना, सोलह बीघा कृषि खेत कीमत पचास लाख तथा पत्नी के पास तीस हजार की नगदी, साढे पांच बिस्वां कृषि भूमि कीमत 18 लाख रूपये, 1500 वर्ग फुट का आवासीय पक्का मकान कीमत 30 लाख को मिलाकर कुल एक करोड़ ग्यारह लाख पचहत्तर हजार तीन सौ अट्ठासी रूपये की चल अचल सम्पत्ति शामिल है।

महमूदाबाद से अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी जितेन्द्र उर्फ विपिन वर्मा ने निर्वाचन अधिकारी के पास अपनी चल अचल सम्पत्ति का जो ब्यौरा दिया है उसके अनुसार विपिन वर्मा के पास पचास हजार की नगदी, इलाहाबाद बैंक, स्टेट बैंक, एक्सिस बैक में 25 हजार रूपये, एलआईसी मंे तीन लाख की पालिसी, एक कार जिप्सी व एक मोटरसाइकिल, तीस ग्राम सोने के आभूषण, बारह बीघा भूमि, एक आवासीय भवन व दूकानें कीमत 30 लाख रूपये, पैतक भवन कीमत 10 लाख रूपये तथा पत्नी सुरभि देवी के पास यूको बैंक में एक लाख बीस हजार रूपये तथा एक सोने की जंजीर व एक अंगूठी दिखाई गई है। इनके पास कुल 75 लाख की चल अचल सम्पत्ति का ब्यौरा प्रस्तुत है।

नगर पंचायत पैंतेपुर अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पूर्व चेयरमैन उरूज आलम ने चुनाव आयोग को दिये गये शपथ पत्र में अपनी व अपने परिवार की कुल चल अचल सम्पत्ति 53 लाख रूपये दर्शायी है। इन्होने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दिये गये शपथ पत्र में एक लाख की नगदी, बीस लाख रूपये बैंक में बीस लाख, दो कार, दो ट्रैक्टर, एक ट्रक, दो मोटर साइकिल, 10 ग्राम सोना तथा दो एकड़ भूमि ईंट भटठा, एक मकान तथा इनकी पत्नी के पास चालीस ग्राम सोना, ढाई सौ ग्राम चांदी दो एकड़ कृषि भूमि, दो एकड़ अकृषक भूमि कुल 53 लाख की सम्पत्ति दर्शायी है। इसके अतिरिक्त इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक शाखा सैदनपुर से 25 लाख रूपये का सीसीएल ऋण खाता भी है।

नगर पंचायत पैंतेपुर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे योगेश सुनार ने अपने शपथ पत्र में कुल 21 लाख रूपये की चल अचल सम्पत्ति होना दर्शाया है। चुनाव आयोग को दिये गये शपथ में योगेश सुनार के पास कुल 50 हजार की नगदी, ग्यारह हजार बैंक में जमा, पांच लाख की एक एलआईसी पालिसी, एक बाइक कीमत चालीस हजार, दस ग्राम सोना कीमत तीस हजार, एक दुकान कीमत साठ लाख, आवासीय मकान पक्का कीमत दस लाख रूपये तथा पत्नी के पास 27 हजार नगदी, सत्तर हजार बैंक मे जमा, 20 ग्राम सोना, 250 ग्राम चांदी, एक दुकान कीमत पचास लाख रूपये सहित कुल 21 लाख रूपये की सम्पत्ति का ब्यौरा दिया है।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने वाले नदीम अहमद द्वारा दिये गये शपथ पत्र के मुताबिक वह 30 लाख रूपये चल अचल की सम्पत्ति के मालिक हैं। इनके पास 3500 वर्ग फुट जमीन है। तीन लाख रूपये नकद रखते है। पांच लाख रूपये एसबीआई बैंक में जमा है। इनके पास चलने के लिए एक बाइक है तथा इनकी पत्नी के पास पांच तोला सोना तथा 250 ग्राम चांदी के जेवर है। नदीम अहमद के पास वार्ड कटरा में 800 वर्ग फुट में बना दो मंजिला मकान है।


नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के निर्वतमान अध्यक्ष मोहम्मद अहमद पुत्र रसूल बख्श ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किये गये नामांकन के शपथ पत्र में छाछठ लाख चैदहत्तर हजार नौ सौ चैदह रूपये की परिवार के सदस्यों सहित कुल चल अचल सम्पत्ति का ब्यौरा प्रस्तुत किया है। निर्वतमान अध्यक्ष के पास 45 हजार की नकदी, ओबीसी बैंक खाते में 79 हजार तथा एक्सि बैंक खाते में 18067 रूपये के अतिरिक्त सत्तर हजार रूपये का रिवाल्वर तथा 15 हजार कीमत की एक बन्दूक कुल दो लाख 27 हजार 68 रूपये, वार्ड पाण्डेहाता में 12 लाख कीमत का आवासीय भवन तथा लखनऊ के आदिलनगर में बीस लाख की कीमत का भवन की सम्पत्ति के अलावा इनकी पत्नी तसनीम बानो के पास 18 हजार की नगदी, स्टेट बैंक खाते में 49 हजार तथा सोने के 45 हजार व चांदी के 38 हजार की कीमत के जेवर कुल एक लाख पचास हजार तथा इनके बड़े बेटे यासिर अरफात के पास तेरह हजार की नगदी, एक्सिस बैंक शाखा महमूदाबाद में 18455 रूपये, इलाहाबाद बैंक शाखा सैदनपुर में 7418 तथा एचडीएफसी बैंक में खाते में 11903, दो अदद मोटरसाइकिलें कीमत 35000, दो अदद सोने की अंगूठी कीमत 6000, ग्राम पचदेवरा चैबे में नौ लाख कीमत की 4 बीघा भूमि, कुल 91776 तथा इनके छोटे बेटे आमिर अरफात के पास नौ हजार नगदी, एक्सिस बैंक खाते में छह हजार, एचडीएफसी में सत्तर हजार, ओबीसी बैंक खाते में 6 हजार के साथ अस्सी हजार कीमत की बुलेट मोटरसाइकिल व नौ लाख रूपये कीमत की कार, ग्राम पचदेवरा चैबे में नौ लाख कीमत की 4 बीघा भूमि  कुल दस लाख इकहत्तर हजार तथा बेटी रूबीना के पास सात हजार की नगदी, एक्सिस बैंक खाते में 43694 तथा यूको बैंक खाते में 5737 व सोने के जेवर चैन व अंगूठी कीमत 27 हजार की सम्पत्ति के मालिक हैं।


क्षेत्र की खुशहाली के लिए हर ताकत से लड़ने को तैयार- मोहम्मद अहमद


कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले निवर्तमान चेयरमैन 
महमूदाबाद, सीतापुर
विकास के मामले में कभी राजनीति नहीं करनी चाहिए। जनता ने जिन जिम्मेदारियों के साथ मुझे अध्यक्ष बनाया था मैने उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश की है। धर्म-जाति, वर्ग आदि के भेदभावों से कोसों दूर रहकर जहां भी क्षेत्रवासियों को मेरी जरूरत हुई मैने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हर सुख-दुख में समान रूप से भागीदारी की है। यही कारण है कि क्षेत्रवासियों का विश्वास मुझ पर आज भी कायम है। यह बात नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मोहम्मद अहमद ने महावीर उद्यान में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होने कहा कि मैं दिल से समाजवादी हूॅं। कुछ लोगों द्वारा समय समय पर कई तरह के हथकण्डे अपनाकर सिर्फ मुझे तोड़ने का काम किया है लेकिन मैने हार नहीं मानी। क्षेत्र की खुशहाली, विकास की सोच को आगे बढाते हुए लगातार उन ताकतों का सामना करता आया हूॅं और करता रहूॅंगा। पांच साल पूर्व 2012 के चुनावों में मैने जनता से जो वादे किये थे उनको अपने कार्यकाल में पूरा करने का काम किया।
 नगर में जनरेटर से स्ट्रीट लाइट, पेयजल आपूर्ति, जलनिकास व्यवस्था को सुदृढ करने हेतु जो भी आवश्यक कदम थे मेरे द्वारा उठाये गये। मेरे दरवाजे मेरे क्षेत्रवासियों के लिए सदैव खुले रहें। चाहे मंदिर हो, मस्जिद हो या गुरूद्वारा ही क्यों न हो जब भी मुझसे जो भी कहा गया या जो भी मैने जरूरी समझा काम कराया। इण्टरलाकिग करवाई गई, पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कुछ लोग जातिवादी विचारधाराओं में जकडे हुए थे और वह इस चुनाव मैदान में है आप लोगो को उनसे सावधान रहना है। मेरे साथ हिन्दू, मुस्लिम, सिख, जैन सर्वसमाज पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। यह चुनाव आपका अपना चुनाव है। कार्यकर्ता के रूप में आपको मेरी बात को घर-घर तक पहुंचाना है। पिछले कार्यकाल के विकास कार्याें को जनता को बताना होगा। ताकि जनता धोखेबाजों और दंगा कराने वालों से सावधान रहे। इस अवसर पर प्रतिनिधि आमिर अरफात सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महमूदाबाद पालिका अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ेंगें आठ प्रत्याशी


पच्चीस वार्डाें के लिए 131 प्रत्याशी आजमाएॅगे किस्मत
आयुष जैन महमूदाबाद, सीतापुर
निकाय चुनावों को लेकर चली नामांकन प्रक्रिया के बाद शनिवार को हुए नामांकन की जांच में सभी नामांकन पत्र वैध पाए गये। नगर पालिका परिषद चुनाव के निर्वाचन अधिकारी/उपजिलाधिकारी रतीराम ने बताया कि अध्यक्ष पद पर आठ नामांकन प्राप्त हुए थे तथा सभासद पद हेतु 131 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे। सभी नामांकन पत्र जांच में सही पाये गये। वहीं पैंतेपुर के आरओ डा0 दुष्यंत कुमार ने बताया कि पैंतेपुर में अध्यक्ष पद पर कुल 12 नामांकन मिले थे जबकि सभासद पदों के लिए 50 नामांकन प्राप्त हुए थे। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई सभी नामांकन सही पाये गये। महमूदाबाद नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद पर आठ तथा सभासद पद हेतु 131 नामांकन पत्र दाखिल हुए। नगर पंचायत पैंतेपुर में अध्यक्ष पद पर 12 तथा सभासद पद हेतु 50 नामांकन पत्र दाखिल हुए। अब तक हुए नामांकन में नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अध्यक्ष पद पर मोहम्मद अहमदनदीम अहमद (सपा), मोहन प्रसाद (भाजपा), ममता सोनी, जितेन्द्र उर्फ विपिन वर्मा, मोहम्मद रिजवान अंसारी, अमीर अहमद, श्रीमती नैनी  ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं सभासद पद हेतु वार्ड सं. 1 इन्दौरा से शिवकुमार, राजाराम, कुलदीप, छत्रपाल, अंजू, नरेन्द्र कुमार, मालती, मायाराम, वार्ड - 2 रमुवापुर से गुडिया रावत, नीतू दिनकर, कमला, कृष्णावती, रामरती, पुष्पा, प्रेमा देवी, सुनीता, वार्ड - 3 सुन्दौली से शिवनरायन, बलराम, मोहम्मद हनीफ, सत्येन्द्र कुमार, अवधेश, कौशल किशोर, मुकेश, वार्ड- 4 बेहटा से राजेश, रसीद, समर सिंह, मो0 जुबेर, वार्ड- 5 नई बाजार उत्तरी से पूनम वर्मा, शर्मा देवी, रामदुलारी, वार्ड 6 शेरापुर, ममता शुक्ला,  अनुज शुक्ल, माया देवी, गौतम तिवारी, सुधाकर, शैलेन्द्र सिंह वार्ड - 7 पुरानी बाजार से मो0 अमीर, शमशाद अली, अब्दुल रहमान, मो0 फरीद, एजाज, नूरजहा, सरजील, मुजाबी हुसैन, वार्ड -8 शहजानी, पवन कुमार, नूर हसन, अरविन्द कुमार, मिथिलेश कुमारी, कमर अली, वार्ड - 9 अमीरगंज से बिब्बो, जमनी, लल्ली देवी, जाहिरा खातून, खुशनुमा खातून, राजकुमारी, साधना, वार्ड 10- इमलिया से कदीर, इशरत अली, अतीकुर्रहूमान, शहाब आलम, सुरैया खातून, वार्ड 11- ठाकुरपुर से  राशिद अली, अमीर हसन, प्रदीप, मो. शमीम, शिवेन्द्र प्रताप, मो0 हासिम, अजीजुलहक,ऐशमोहम्मद, उत्तम कुमार, वार्ड 12- भट्ठा से बेबी, सलमा,सुरैया, राजिया, वार्ड- 13 कैथी टोला से पल्लवी यादव, निगहत फातिमा, मोहिनी , वार्ड 14  बीबीपुर से मोहम्मद जुबेर, उस्मान आरिफ,इस्लाम, मो. जाहिद, रोहित यादव, नबबू, सुभाष राजपूत, यादवेन्द्र प्रताप, वार्ड 15- नूरपुर दक्षिणी से सलाउददीन, रिजवान, सिराजुददीन, शहाबुददीन, दस्तगीर अहमद, वार्ड 16- पैगम्बरपुर से निद्रा, श्रीमती रूकसाना, अनीस बानो,सन्नो, सलीमुननिशां, नसरीन जहां, रेखा देवी, वार्ड 17- संगत किला से मो. राशिद, अहमद जान, हैदर मेंहदी, वार्ड 18 कुर्रैशी मोहल्ला से जुलेखा बानो, सलमा, मेहर जहां, वार्ड- 19 बेलदारी टोला से संजय कुमार, प्रहलाद गुप्त, चक्रसुदर्शन पाण्डैय, अनिल कुमार, वार्ड 20- सरावगी टोला से सुशील सिंह, बदर अहमद, चमेली देवी, सुदर लाल, वार्ड 21- महमूदाबाद खास से साफिया फातिमा, रेशमा बानो, पूजा, कुलसुम, शहीद निशां , वार्ड 22- खुदागंज से मोहम्मद कवी, मोहम्मद शरीफ, वार्ड- 23 नई बाजार दक्षिणी से पिंकी, बीना गुप्त, आशा देवी, वार्ड- 24 नूरपुर उत्तरी, जमील अहमद, मुनीर, मो. गुफरान, वार्ड - 25 मो0 कटरा से मो0 तैयब आजाद, राकेश कुमार, सुनील कुमार, मो0 इरफान, अज्जुरजमा, अख्तर, फिरदौस ने नामांकन किया है।